आगरा के छत्ता क्षेत्र से एक रूह कंपा देने का मामला सामने आया है यहां एक मां ने बेरहमी से अपने ही जिगर के टुकड़े को मार डाला और शव को नाली में फेंक दिया। आरोपी मां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिता का आरोप है कि पत्नी ने उनके अवैध संबंधों में बाधा डालने के कारण यह भयानक वारदात की
यमुना किनारा मार्ग पर स्थित ‘लड्डू गोपाल’ प्रतिमा और यमुना आरती स्थल के बीच एक नाली में मंगलवार शाम करीब 7 बजे दो वर्षीय छोटे बालक ‘खुशी’ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव पाइपलाइन के बगल में पानी में डूबा हुआ था, इसलिए उसे आसानी से नहीं देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त शुरू की
नगला धाकरान निवासी पिता रामू धाकड़ ने बताया कि उनकी शादी नवंबर 2023 में बिहार की रहने वाली ममता से हुई थी. रामू के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे ममता बेटी खुशी को डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाकर घर से निकली थी.जब वह काफी देर तक नहीं लौटी, तो रामू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. देर रात पुलिस ने फोटो दिखाकर शव की शिनाख्त कराई, जिसे देख पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई
पीड़ित पिता रामू ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि ममता का किसी युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था. वह अक्सर फोन पर बात करती थी और पहले भी कई बार बिना बताए घर से जा चुकी थी. पिता का दावा है कि अवैध संबंधों के रास्ते से हटाने के लिए ही ममता ने अपनी मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया
पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. मामले पर आधिकारिक बयान देते हुए एसीपी छत्ता, शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि बच्ची के शरीर पर जाहिर तौर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. मौत की सटीक वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बच्ची की हत्या गला दबाकर की गई या पानी में डुबोकर. आरोपी महिला से सघन पूछताछ जारी है
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










