घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार कमी के बीच बिहार सरकार ने शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की विशेष व्यवस्था करने का फैसला लिया है. अब वैवाहिक कार्यक्रमों में उपयोग के लिए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए संबंधित एसडीओ कार्यालय में आवेदन करना होगा. उसके बाद विभाग की ओर से समीक्षा की जाएगी और एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा
विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों और तेल कंपनियों के महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं. नए नियम के तहत आवेदक को शादी का कार्ड, कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों की अनुमानित संख्या और आवश्यक सिलेंडरों की संख्या के साथ एसडीओकार्यालय में आवेदन करना होगा. आवेदन की समीक्षा के बाद एसडीओ की ओर से 7 दिनों के अंदर संबंधित गैस एजेंसी को एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति के निर्देश जारी किए जाएंगे
बताया जाता है कि वैवाहिक समारोहों में कैटरर्स और रसोइयों को भी कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के लिए पंजीकृत कराना होगा। ताकि शादी सीजन में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके, तेल कंपनियां अगले पांच से सात दिनों के अंदर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर देंगी
घरेलू गैस सिलेंडर की कमी बनी हुई है। केवल पटना जिले में ही 1.58 लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है और उन्हें अब तक सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो सकी है. गुरुवार को 47 लोगों ने जिला कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई. जिले की 136 एजेंसियों के माध्यम से करीब 16.65 लाख उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित किया जाता है. वहीं मौजूदा हालात को देखते हुए घरेलू सिलेंडर के नए कनेक्शन अभी बंद कर दिए गए हैं
छात्रों और मजदूरों को राहत देने के लिए शुरू की गई 5 किलो वाले सिलेंडर कनेक्शन योजना भी एजेंसियों की उदासीनता का शिकार हो रही है. कई एजेंसियां इस छोटे सिलेंडर का कनेक्शन देने में रुचि नहीं दिखा रही हैं. छात्रों ने इस व्यवस्था को आसान बनाने के लिए विशेष कैंप लगाने की मांग की है. छात्रों कहना है कि एजेंसियां 5 किलो वाला सिलेंडर नहीं दे रही हैं, जिससे समस्या बनी हुई है.
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










