उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महापुरुषों के सम्मान और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसको लेकर मुरादाबाद जिले के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि कैबिनेट बैठक में डॉ. बी.आर. अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की सार्वजनिक प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा के लिए भारी बजट को मंजूरी दी गई है
अक्सर असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्तियों को खंडित करने से उपजे विवाद और बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए अब इन स्थलों पर बाउंड्री वॉल और छज्जे का निर्माण कराया जाएगा, इस योजना के प्रथम चरण में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. मंत्री अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि इस कदम से न केवल दलित और बहुजन महापुरुषों का सम्मान सुरक्षित होगा, बल्कि प्रदेश में आपसी भाईचारा भी बना रहेगा. अनिल कुमार ने इसे 9 वर्षों से जारी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया
प्रभारी मंत्री अनिल कुमार ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सपा सांसद रुचि वीरा के पास अब जनता को बताने के लिए कुछ शेष नहीं है, इसलिए वे केवल बयानबाजी कर रही हैं. उन्होंने अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले को भ्रमित करने वाला बताया और कहा कि जनता 2012 से 2017 के बीच के कुशासन को भूली नहीं है
मंत्री ने दावा किया कि असम और पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश में NDA गठबंधन अत्यंत मजबूत स्थिति में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों के दम पर आगामी चुनावों में गठबंधन ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा, क्योंकि देश की जनता अब केवल विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति पर विश्वास कर रही है
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










