बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आ चुके हैं और इस बार बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, विपक्षी दल राजद को इस चुनाव में सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। राजद केवल 25 सीटों पर सिमट गई है जबकि कांग्रेस की स्थिति और भी कमजोर रही और वह बिहार में आठवें नंबर की पार्टी बन गई है। बिहार में राजनीतिक जानकारों और विश्लेषकों द्वारा एक्स फैक्टर माना जा रहा प्रशांत किशोर की पार्टी भी चुनावी महासमर में अपने लिए कोई खास मुकाम नहीं बना सकी। इस चुनाव में साफ तौर पर मोदी लहर देखने को मिली और एनडीए की प्रचंड जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी पहली प्रतिक्रिया भी दी।
‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वालों की जीत: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मतदाताओं को सलाम करते हुए कहा कि यह जनादेश उन लोगों की जीत है जो ‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखते हैं। उन्होंने बताया कि यह चुनाव पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस का प्रमाण है। शाह ने कहा कि बिहार की जनता ने पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों, महिलाओं की सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए किए गए प्रयासों को स्वीकार किया है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज के अंधकार से बाहर निकालने का काम किया है।
बिहारवासियों का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके हितैषियों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है।
बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता…
— Amit Shah (@AmitShah) November 14, 2025
वोटबैंक राजनीति के खिलाफ सख्त संदेश
अमित शाह ने आगे कहा कि बिहारवासियों का हर वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खेलने वाले घुसपैठियों और उनके समर्थकों के खिलाफ मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वोटबैंक के लिए घुसपैठियों को बचाने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। शाह ने यह भी जोर दिया कि बिहार के मतदाताओं ने पूरे देश का मूड स्पष्ट कर दिया है कि मतदाता सूची की शुद्धि जरूरी है और इसके खिलाफ किसी भी तरह की राजनीति की जगह नहीं है। इस कारण कांग्रेस की लोकप्रियता बिहार में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
जंगलराज को फिर मौका नहीं मिलेगा
गृह मंत्री ने कहा कि बिहार में अब जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों को लूटने का कोई मौका नहीं मिलेगा। जनता अब केवल ‘परफॉर्मेंस की राजनीति’ के आधार पर फैसला कर रही है। अमित शाह ने नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और एनडीए के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने चुनाव में जुटे हर कार्यकर्ता का भी अभिवादन किया, जिन्होंने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक अथक परिश्रम किया।
जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा NDA
अमित शाह ने बिहार की जनता खासकर महिलाओं को आश्वस्त किया कि जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्होंने एनडीए को यह जनादेश दिया है, मोदी के नेतृत्व में नई सरकार और भी अधिक समर्पण से जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी। उन्होंने यह भरोसा दिया कि बिहार का विकास, सुशासन, महिला सुरक्षा और गरीब कल्याण एनडीए की प्राथमिकता बनी रहेगी और यह सरकार जनता की भलाई के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










