Delhi Blast: नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट मामले में चार और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह कर दी है। ये चारों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 10 दिन की एनआईए रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी श्रीनगर, जम्मू और कश्मीर के जिलों से हुई है और ये आतंकी हमले में सक्रिय भूमिका निभाने वाले बताए जा रहे हैं।
आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका
गिरफ्तार आरोपियों में पुलवामा के डॉ. मुजम्मिल शकील गनई, अनंतनाग के डॉ. अदील अहमद राथर, लखनऊ के डॉ. शाहीन सईद और शोपियां के मुफ्ती इरफान अहमद वागे शामिल हैं। एनआईए के अनुसार, ये सभी आरोपियों ने उस आतंकी हमले में अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें कई निर्दोष नागरिकों की जान गई और कई अन्य घायल हुए। इनके खिलाफ जांच में पाया गया है कि उन्होंने हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में मदद की थी।

पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी और उनकी भूमिका
इस मामले में पहले दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे, जिनमें आमिर राशिद अली और कश्मीर के जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश शामिल हैं। इन दोनों ने आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी की मदद की थी, जिसने लाल किले के पास विस्फोट किया था। अब एनआईए ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने इसी हमले को अंजाम देने में उमर नबी की सहायता की थी।
बड़े हमले की साजिश और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई
जांच में पता चला है कि आतंकवादी 6 दिसंबर के आसपास बड़ा हमला करने की योजना बना रहे थे। 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद गिराए जाने की बरसी है और इसी दिन आतंकियों ने बड़े पैमाने पर विस्फोट करने की साजिश रची थी। हालांकि, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सुरक्षाबलों को धमकी देने वाले पोस्टर लगाने वाले डॉक्टर अदील को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अदील की निशानदेही पर बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इसके बाद फरीदाबाद से भारी मात्रा में हथियार और 2900 किलो विस्फोटक बरामद हुए, जिसने हमलावरों को घबराकर समय से पहले हमला करने पर मजबूर कर दिया।
जांच अभी जारी, कई और गिरफ्तारी संभव
एनआईए की जांच अभी भी जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। सुरक्षा एजेंसियां आतंकी मॉड्यूल के बाकी सदस्यों तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही हैं। इस आतंकी गिरोह को सलाखों के पीछे भेजने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस हमले से देश की सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और तत्परता का परिचय मिलता है, जिन्होंने समय रहते साजिश को नाकाम किया।
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










