BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को यह दावा किया कि 14 करोड़ सदस्यों के साथ बीजेपी अब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। उन्होंने बताया कि इनमें से लगभग 2 करोड़ सक्रिय सदस्य हैं जो लगातार संगठन को मजबूत कर रहे हैं। नड्डा ने कहा कि यह सिर्फ एक पार्टी नहीं बल्कि एक विचारधारा और राष्ट्र निर्माण का अभियान है।
जेपी नड्डा ने जानकारी दी कि भाजपा के पास वर्तमान में लोकसभा में 240 सांसद हैं। इसके अलावा देशभर में पार्टी के लगभग 1,500 विधायक हैं। विधान परिषदों में भी भाजपा के 170 से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जनप्रतिनिधि ताकत बताती है कि भाजपा वास्तव में जनता का विश्वास जीतने में सफल रही है।

13 राज्यों में भाजपा की सरकारें
नड्डा ने गर्व से बताया कि वर्तमान समय में भाजपा की 13 राज्यों में सरकारें हैं और 20 राज्यों में एनडीए गठबंधन की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि लोग भाजपा के कार्य और नेतृत्व पर भरोसा करते हैं। नड्डा ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं बल्कि देश की सेवा और विकास के लिए काम कर रही है।
मोदी सरकार का 11 साल का कार्यकाल
जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में देश ने एक जवाबदेह और कार्यशील सरकार देखी है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें घोषणापत्रों में किए गए वादों को पूरा करना तो दूर उन्हें याद तक नहीं रखती थीं। लेकिन मोदी सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है और जनता से किए गए वादों को पूरा किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले देश में परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति हावी थी। लेकिन भाजपा एक वैचारिक आधार पर खड़ी पार्टी है जो राष्ट्रहित और विकास के एजेंडे पर काम करती है। उन्होंने आंध्र प्रदेश के विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने राजधानी अमरावती के लिए 15,000 करोड़ रुपये दिए हैं।
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










