गिरिजा ओक गोडबोले पिछले करीब 20 सालों से फिल्म और टीवी की दुनिया में एक्टिंग कर रही हैं। उनका सफर टीवी से शुरू होकर फिल्मों तक पहुंचा और अब सोशल मीडिया पर भी उनकी खास पहचान बन गई है। लेकिन हाल ही में उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिन्हें देखकर उन्हें ‘नेशनल क्रश’ तक घोषित कर दिया गया। हालांकि, इस पॉपुलैरिटी ने उनके लिए चिंता भी बढ़ा दी है। इन वायरल तस्वीरों में से कई तस्वीरें एआई (Artificial Intelligence) की मदद से बनाई गईं हैं, जो न केवल गलत हैं बल्कि पूरी तरह से एडिटेड और भद्दी भी हैं। गिरिजा ने इन तस्वीरों को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए एक वीडियो भी बनाया है।
गिरिजा ने क्या कहा?
गिरिजा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने अचानक मिली लोकप्रियता और प्यार का जिक्र किया और इसे ‘पागलपन और शानदार’ दोनों बताया। उन्होंने कहा कि इस प्यार के लिए वे आभारी हैं, लेकिन कुछ तस्वीरों को देखकर वे काफी परेशान भी हुईं। इन तस्वीरों में से कुछ उनकी ऐसी एआई-मॉर्फ्ड तस्वीरें हैं जो उन्हें पसंद नहीं हैं। उन्होंने बताया कि ये तस्वीरें ज्यादा कामुक और वस्तु के रूप में पेश की गई हैं, जिससे वे असहज महसूस करती हैं।
गिरिजा ने साफ कहा कि वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल करती हैं और जानती हैं कि ऑनलाइन ट्रेंड कैसे काम करते हैं। उनका कहना है कि जब कोई चीज वायरल होती है तो उसका मतलब होता है कि वह ट्रेंड कर रही है और ऐसे में लोग आपकी पोस्ट पर क्लिक करते हैं, लाइक करते हैं और देखते रहते हैं। इससे आपके अकाउंट की लोकप्रियता बढ़ती है। लेकिन सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस ‘खेल’ के कोई नियम नहीं हैं और इस खेल में जो चाहे कर सकता है, जिसकी कोई रोक-टोक नहीं है।
मां होने के नाते चिंता
गिरिजा ने एक मां के रूप में अपनी चिंता भी जाहिर की है। उनका 12 साल का बेटा है जो फिलहाल सोशल मीडिया इस्तेमाल नहीं करता, लेकिन आने वाले समय में करेगा। वे डरती हैं कि जब उनका बेटा बड़ा होगा, तो वह इंटरनेट पर घूम रही ये एडिटेड और गलत तस्वीरें देख सकता है। वे सोचती हैं कि उनका बेटा इन्हें देखकर कैसा महसूस करेगा। गिरिजा ने बताया कि ये तस्वीरें असली नहीं हैं, बल्कि एआई के ज़रिए बनाई गईं हैं, लेकिन फिर भी ये तस्वीरें एक तरह का ‘सस्ता रोमांच’ देती हैं, जो उन्हें डरावना लगता है।
गिरिजा का फिल्मी सफर
गिरिजा ओक गोडबोले मराठी और हिंदी दोनों फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वे मराठी अभिनेता गिरीश ओक की बेटी हैं। उन्होंने 2007 में आमिर खान और दर्शील सफारी अभिनीत फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ में काम किया था। इसके अलावा वे फिल्मों जैसे ‘शोर इन द सिटी’, नेटफ्लिक्स की ‘क़ला’, ‘द वैक्सीन वॉर’ और शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘जवान’ (2023) का हिस्सा भी रही हैं।
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










