Weather Update: मौसम विभाग ने गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र में सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन दोनों जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकतर हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। वहीं दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना बहुत कम है। नागपुर और आसपास भी मौसम साफ रहेगा। आईएमडी के मुताबिक केरल के तटीय इलाके, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल समेत उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहेगा।
देश में मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और उत्तराखंड से मानसून वापस जा चुका है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून लौट चुका है। 15 अक्टूबर तक पूरे देश से मानसून के हटने की संभावना है। इसके बाद ठंड का मौसम शुरू हो सकता है।

दिल्ली में हालात
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के औसत से 2.9 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रहा, जो औसत से 4.9 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में मौसम साफ रहने और अधिकतम-न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 26 डिग्री रहने का अनुमान जताया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार राजधानी में रविवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 131 दर्ज हुआ, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
अन्य राज्यों का हाल
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज बारिश हो सकती है, लेकिन आम लोगों को परेशानी की संभावना नहीं है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम और सिक्किम में भी येलो अलर्ट है।
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 30 सितंबर को कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश जारी रह सकती है और इन दोनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। उत्तर भारत में मौसम साफ रहेगा। अन्य राज्यों में येलो अलर्ट जारी है। 2 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की संभावना है और वहां ऑरेंज अलर्ट रहेगा। बाकी हिस्सों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से उत्तर भारत में तापमान में गिरावट आ सकती है।
Author: Neha Mishra
नेहा मिश्रा बीते कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता पत्रकारिता और न्यू मीडिया के क्षेत्र में हासिल की है। नेहा मिश्रा ने भोपाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय भोपाल से न्यू मीडिया टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है।










